CM का महिला-किसान और युवाओं पर फोकस, बजट समीक्षा में जुटे
भोपाल
वित्त वर्ष 2021-22 के बजट को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बजट तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। इसमें आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए अधिकतम प्रावधान पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही महिलाओं, किसानों, युवाओं और रोजगार के लिए भी खासतौर पर प्रावधान किए जाने पर फोकस किया जा रहा है।
बैठक में ऐसी योजनाओं पर भी चर्चा हो रही है जिनसे सरकार को अधिकतम राजस्व मिल सके। वित्त विभाग द्वारा बजट की तैयारियों को लेकर सभी विभागों से चर्चा किए जाने के बाद उनसे प्रस्तावित योजनाओं और मर्ज की जाने वाली स्कीम के बारे में जानकारी लेने का काम किया जा चुका है। साथ ही जिन एक जैसी योजनाओं को एक दूसरे में मर्ज किया जा सकता है, उसका भी प्रारूप तैयार कर आज सीएम शिवराज के समक्ष प्रस्ताव दिए जा रहे हैं।
सीएम चौहान इनके आधार पर अपनी प्राथमिकताएं वित्त अफसरों को बताएंगे। अफसरों के मुताबिक बजट प्रस्ताव में ऐसे मुद्दों पर खासतौर पर फोकस किया गया है जिससे आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश को अमलीजामा पहनाने का काम हो सके।

पाठको की राय